24 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Himachal Desk: कुल्लू जिले के मलाणा गांव में सोमवार शाम एक तीन मंजिला रिहायशी मकान में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना मणिकर्ण थाना क्षेत्र के अंतर्गत शाम करीब 7:15 बजे हुई, जब खीमीराम पुत्र गाना राम के चादरपोश मकान की दूसरी मंजिल से धुआं उठता देखा गया।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और आपसी सहयोग से तुरंत आग बुझाने में लग गए। दुर्गम क्षेत्र और संकरी गलियों के बावजूद ग्रामीणों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। अगर थोड़ी भी देर हो जाती, तो आग पूरे मकान के साथ-साथ आसपास के अन्य घरों को भी चपेट में ले सकती थी।
करीब आठ लाख रुपये का नुकसान
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना प्रशासन और पुलिस को दे दी गई है तथा मामले की जांच जारी है। आग से घर के भीतर रखा घरेलू सामान और लकड़ी का ढांचा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। अनुमानित नुकसान करीब आठ लाख रुपये बताया जा रहा है।
संतोष की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों की एकजुटता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।













