15 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: हरियाणा में ठंड के साथ-साथ कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार सुबह राज्य के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर सिर्फ 5 से 20 मीटर तक रह गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 15 जिलों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
हिसार, कैथल, गुरुग्राम, फतेहाबाद, सोनीपत, फरीदाबाद, नूंह, झज्जर समेत कई जिलों में सुबह के समय सड़क पर आगे देख पाना बेहद मुश्किल रहा। बीते दिनों कोहरे की वजह से अलग-अलग जगहों पर सड़क हादसे भी सामने आए थे, जिनमें स्कूली छात्रा समेत कई लोगों की जान चली गई थी।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 1.8 डिग्री ज्यादा है। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस चरखी दादरी में रिकॉर्ड किया गया।
आने वाले दिनों की बात करें तो 20 दिसंबर तक हरियाणा में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन बीच-बीच में बादल और धुंध का असर बना रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 18 दिसंबर से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
18 से 20 दिसंबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट आने और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। साथ ही वातावरण में नमी बढ़ने से कई इलाकों में धुंध और कोहरे की स्थिति फिर बन सकती है।













