21 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार, 20 जनवरी को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच हरियाणा और दिल्ली से जुड़े साझा विकास, आपसी समन्वय और जनकल्याण से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच सहयोग को और मजबूत करना तथा जनता से जुड़े विषयों पर मिलकर प्रभावी ढंग से काम करना रहा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को भाजपा के नव नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर, भाजपा संसदीय समिति की सदस्य डॉ. सुधा यादव, हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली सहित कई मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का विजय रथ निरंतर आगे बढ़ रहा है और नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इस रथ को और अधिक गति देने का कार्य करेंगे।













