26 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: पाकिस्तान में सुरक्षा हालात एक बार फिर बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। आत्मघाती हमले की आशंका को देखते हुए पाकिस्तान रेलवे ने बलूचिस्तान जाने वाली और वहां से आने वाली सभी ट्रेन सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती फैसला लिया गया है।
इस फैसले के बाद देश के कई अहम रेल रूट प्रभावित हुए हैं। क्वेटा से पेशावर के बीच चलने वाली जाफर एक्सप्रेस, क्वेटा से कराची जाने वाली बोलन मेल और पेशावर से क्वेटा आने वाली जाफर एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा चमन के लिए चलने वाली यात्री ट्रेन सेवा भी पूरे दिन बंद रही।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, बलूचिस्तान में सुरक्षा स्थिति सामान्य होते ही ट्रेन सेवाएं दोबारा बहाल कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि जाफर एक्सप्रेस पहले भी बोलन घाटी जैसे संवेदनशील इलाकों में कई बार हमलों का निशाना बन चुकी है, जिससे खतरे को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
गौरतलब है कि बीते महीनों में इस रूट पर ट्रेनों को निशाना बनाए जाने की कई घटनाएं सामने आई हैं। मार्च में भी एक गंभीर घटना के बाद क्वेटा और देश के अन्य हिस्सों के बीच ट्रेन सेवाएं रोक दी गई थीं। इन्हीं लगातार खतरों को देखते हुए पाकिस्तान रेलवे ने यह कड़ा कदम उठाया है।













