टोहाना में पंजाब पुलिसकर्मी के साथ मारपीट, वर्दी फाड़ी, महिलाओं सहित कई लोगों ने किया हमला

13 March 2025: Fact Recorder

टोहाना में पंजाब पुलिसकर्मी के साथ मारपीट का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मानसा के सदर थाने में तैनात पुलिसकर्मी जगतार सिंह, जो फैमिली कोर्ट के आदेश पर एक वारंट लेकर आए थे, पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब पुलिसकर्मी मूनक के गांव मांडवी के रहने वाले बूटा सिंह को गिरफ्तार करने आए थे।

जानकारी के अनुसार, बूटा सिंह की पत्नी ने अपने पति पर गुजारा भत्ता न देने का केस किया था। कोर्ट ने बूटा सिंह को पत्नी को मासिक खर्च देने का आदेश दिया था, लेकिन आदेश का पालन न करने पर कोर्ट ने वारंट जारी किया। पुलिसकर्मी जगतार सिंह शिकायतकर्ता और उसके भाई के साथ निजी कार में बूटा सिंह को पकड़ने पहुंचे थे। जब उन्होंने बूटा सिंह को पहचान लिया और गिरफ्तार करने की कोशिश की, तो बूटा सिंह के साथ मौजूद महिलाओं समेत 6-7 लोगों ने पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया।

आरोपियों ने जगतार सिंह के मुंह पर चोट मारी, उनकी वर्दी फाड़ी, और उनका मोबाइल तथा चश्मा तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही शहर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया।