Home Breaking हरियाणा में चौंका सकती है कांग्रेस, हुड्डा या कोई और, हार के...

हरियाणा में चौंका सकती है कांग्रेस, हुड्डा या कोई और, हार के बाद पार्टी ने बदली रणनीति

6 March 2025: Fact Recorder

Haryana Congress strategy: हरियाणा में कांग्रेस जल्द बड़ा बदलाव कर सकती है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पार्टी किसी गैर जाट चेहरे पर दांव लगा सकती है। वहीं नेता प्रतिपक्ष का पद पार्टी किसी बड़े जाट चेहरे को सौंप सकती है।

हरियाणा में आल इंडिया कांग्रेस कमेटी कल विधायक दल के नेता का ऐलान कर सकती है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम रेस में सबसे आगे चल रहा है। आज शाम चंड़ीगढ़ में कांग्रेस कार्यालय में विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र कल से शुरू होने वाला है।

हरियाणा कांग्रेस के नेता अजय सिंह यादव ने पार्टी से मांग की है कि प्रदेश अध्यक्ष ऐसा हो जो किसी का पिछलग्गू न हो बल्कि पार्टी की लाइन पर चलता हो। उन्होंने बीजेपी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने पन्ना लेवल तक बना दिया है, जबकि हमारा न तो जिला अध्यक्ष है और ना ही प्रदेश स्तर की कमेटी है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस प्रदेश में संगठन के स्तर पर कुछ बदलाव कर सकती है। इसमें सभी जातियों और समुदायों को प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है। कांग्रेस हरियाणा में हुड्डा परिवार पर ही केंद्रित नहीं रहना चाहती है। गैर जाट समूह के जाट नेताओं को जोड़ सकती है।

जाति आधारित व्यवस्था को आगे बढ़ा रहा हाईकमान

जानकारी के अनुसार राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस जाति आधारित व्यवस्था की बात करती है। जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसका उतना प्रतिनिधित्व। कांग्रेस को हरियाणा में कुछ ऐसे चेहरे चाहिए, जो टीम राहुल की तरह काम कर सके। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूरी तरह हुड्डा पर निर्भर रही। गैर जाट समुदायों को साधने में फेल रही। हुड्डा परिवार के इतर जो भी परिवार थे, उनको साधने में पार्टी विफल रही है।

विपक्ष और अध्यक्ष के लिए इन नामों की चर्चा

कांग्रेस में हुड्डा के अलावा विपक्ष के नेता के तौर पर डा. रघुबीर कादियान और अशोक अरोड़ा का नाम चर्चा में है। वहीं हरियाणा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को लेकर भी मंथन होना है। ऐसे में पार्टी के नए प्रभारी बीके हरिप्रसाद को अहम जिम्मेदारी देकर हरियाणा भेजा गया है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए जितेंद्र भारद्वाज, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, गीता भुक्कल, राव दान सिंह, रणदीप सिंह सुरजेवाला, सांसद चौधरी वरुण मुलाना का नाम शामिल हैं।