November 5,2026 Fact Recorder
National Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार को फोन कर उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। हाल ही में पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से डिस्चार्ज हुए शरद पवार से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने उन्हें पूरी तरह आराम करने की सलाह दी। इस बातचीत में उन्होंने पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले का भी जिक्र किया।
शरद पवार के करीबी सहयोगी विट्ठल मनियार ने पुणे में पत्रकारों को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार सुबह फोन कर पवार की तबीयत के बारे में जानकारी ली। मनियार के मुताबिक, पीएम मोदी ने बेहद स्नेह और सम्मान के साथ बातचीत करते हुए कहा कि अब उन्हें अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए और पूरा आराम करना चाहिए।
मनियार ने बताया कि प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान कहा, “साहब, कृपया पूरा आराम करें। सुप्रिया अब तैयार हैं। सुप्रिया और हम देश का ख्याल रखेंगे। आप आराम करें, यही मेरी आपसे विनती है।”
शरद पवार ने दिया पीएम मोदी को जवाब
विट्ठल मनियार के अनुसार, प्रधानमंत्री की बात पर शरद पवार ने कहा कि वह आराम कर रहे हैं और उन्हें देश की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि जब सभी लोग अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, तो उन्हें देश की चिंता करने की जरूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने फोन कर स्वास्थ्य का हालचाल पूछने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया।
सीने में दर्द के बाद अस्पताल में भर्ती हुए थे पवार
गौरतलब है कि शरद पवार को खांसी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद 2 नवंबर को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उनकी सामान्य जांच और स्वास्थ्य की निगरानी की। इसके बाद बुधवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सक डॉ. परवेज के. ग्रांट के मुताबिक, पवार को सीने में दर्द की शिकायत थी, जिसके चलते उन्हें जांच और निगरानी के लिए भर्ती किया गया था।
महाराष्ट्र की राजनीति में बढ़ीं चर्चाएं
पीएम मोदी और शरद पवार के बीच हुई इस बातचीत के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के फिर से एक होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। इसके साथ ही शरद पवार गुट के बीजेपी के साथ आने और सुप्रिया सुले के केंद्र सरकार में शामिल होने की संभावनाओं पर भी चर्चा हो रही है।
हालांकि, इस बातचीत को फिलहाल शिष्टाचार और स्वास्थ्य संबंधी बातचीत के तौर पर देखा जा रहा है। न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न ही शरद पवार की ओर से इस फोन कॉल की आधिकारिक पुष्टि की गई है। सुप्रिया सुले को लेकर भी किसी संभावित राजनीतिक भूमिका की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।











