Home Hindi UP SIR: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की मची होड़, सिर्फ 2...

UP SIR: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की मची होड़, सिर्फ 2 दिन में आए 5.59 लाख आवेदन

October 26,2026 Fact Recorder

National Desk:  उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। विशेष अभियान के तहत महज दो दिनों में 5,59,178 नागरिकों ने मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अभियान में लोगों की भागीदारी की सराहना की।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को अच्छा प्रतिसाद मिला है। 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर को आयोजित विशेष अभियानों के दौरान कुल 5,59,178 आवेदन प्राप्त हुए। प्रदेश के करीब 1.77 लाख मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाकर नागरिकों को फॉर्म-6 उपलब्ध कराए गए और आवेदन जमा किए गए।

आंकड़ों के मुताबिक, 17 अक्टूबर को 1,37,225 लोगों ने फॉर्म-6 भरा, जबकि 24 अक्टूबर को यह संख्या बढ़कर 4,21,953 हो गई। इस तरह दोनों दिनों में कुल 5,59,178 आवेदन प्राप्त हुए।

BLO ने मतदान केंद्रों पर दी जानकारी

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहे।

इस दौरान अधिकारियों ने नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, पहले से दर्ज विवरण में संशोधन करने और संबंधित आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाकर उनके आवेदन भी प्राप्त किए गए।

इन जिलों के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए हाथरस, गाजीपुर, संभल, कौशांबी, मथुरा, अमेठी और बाराबंकी के जिला निर्वाचन अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की।

वहीं, गाजियाबाद, बुलंदशहर, वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, हमीरपुर, अंबेडकरनगर, अमरोहा, मेरठ और गौतमबुद्धनगर के अधिकारियों को मतदाता पंजीकरण बढ़ाने के लिए और प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

मतदाता सूची में नाम नहीं है तो भरें फॉर्म-6

नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आगामी विशेष अभियानों को प्रभावी ढंग से चलाने, अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने और प्राप्त आवेदनों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है। वहीं, मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, पते या अन्य विवरण में सुधार कराने के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है।

पंजीकरण और अन्य प्रक्रियाओं से जुड़ी जानकारी के लिए नागरिक मतदाता सेवा पोर्टल और ECINET ऐप पर उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा, ऐप पर ‘Book a Call with BLO’ सुविधा के जरिए बूथ लेवल ऑफिसर से संपर्क करने की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।