16 अक्टूबर 2026 Fact Recorder
National Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 और 12 दिसंबर 2026 को कनाडा के दौरे पर जाएंगे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और व्यापार, ऊर्जा, तकनीक तथा सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाना है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इस दौरे की पुष्टि की है।
दोनों देशों के नेता आपसी संबंधों में आई सकारात्मक प्रगति को आगे बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में ठोस नतीजे हासिल करने पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि भारत और कनाडा मिलकर अधिक स्थिर और समृद्ध दुनिया के निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
व्यापार समझौते पर बातचीत तेज करने की तैयारी
कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर चल रही बातचीत को जल्द पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। इस समझौते से दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है। वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लक्ष्य में भी यह महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
ऊर्जा और तकनीक क्षेत्र में सहयोग पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच होने वाली बातचीत में ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, निवेश और सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। दोनों देश इन क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने और नए अवसर तलाशने की दिशा में काम कर रहे हैं।
कनाडा के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल की भारत यात्रा
दोनों प्रधानमंत्रियों ने कनाडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के नेतृत्व में भारत आए ‘टीम कनाडा ट्रेड मिशन’ का भी स्वागत किया। इसके साथ ही कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद की नई दिल्ली यात्रा को भी द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
अनीता आनंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ मुलाकात के दौरान व्यापार, निवेश, ऊर्जा, तकनीक और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने भारत और कनाडा के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने तथा साझा समृद्धि के नए अवसरों पर भी जोर दिया।
दिसंबर में होने वाला प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने और आर्थिक सहयोग के नए रास्ते खोलने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।













