चंडीगढ़, 16 अक्टूबर 2026 Fact Recorder
Haryana Desk: हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो HCS अधिकारियों के स्थानांतरण और नई नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। 15 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, दोनों अधिकारियों की नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
सरकारी आदेश के मुताबिक, सुमीत सिहाग (HCS 2016) को हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB), करनाल का जोनल प्रशासक नियुक्त किया गया है। वह फिलहाल असंध में उपमंडल अधिकारी (नागरिक) के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें यह जिम्मेदारी उनके मौजूदा कार्यभार के अतिरिक्त सौंपी गई है। वहीं, इस पद पर कार्यरत सतीश कुमार (HCS 2011) को कार्यभार से मुक्त किया जाएगा।
इसके अलावा, मोनिका (HCS 2023) को हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, हिसार का जोनल प्रशासक नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले प्राथमिक शिक्षा विभाग में संयुक्त निदेशक (प्रशासन एवं मध्याह्न भोजन) के पद पर तैनात हैं। उनकी नियुक्ति हिसार में रिक्त पद के विरुद्ध की गई है।
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से जारी आदेश में संबंधित विभागों को नई नियुक्तियों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार के इस आदेश से कृषि विपणन बोर्ड के करनाल और हिसार जोन में प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव होगा।













