Home Chandigarh दृष्टिबाधित प्रतिभागियों के हौसले को मिलेगी नई रफ्तार, 12 सितंबर को चंडीगढ़...

दृष्टिबाधित प्रतिभागियों के हौसले को मिलेगी नई रफ्तार, 12 सितंबर को चंडीगढ़ से सनावर तक कार रैली

चंडीगढ़, 10 सितंबर 2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk:  मोटरस्पोर्ट, सशक्तिकरण और समावेशिता का संदेश देने के उद्देश्य से 12 सितंबर को चंडीगढ़ से सनावर तक दृष्टिबाधित प्रतिभागियों की विशेष कार रैली आयोजित की जाएगी। यह रैली प्रसिद्ध रैलिस्ट और द लॉरेंस स्कूल, सनावर के पूर्व छात्र रहे स्वर्गीय हरि सिंह की स्मृति को समर्पित होगी।

रैली को सुबह 9 बजे सेक्टर-1 स्थित चंडीगढ़ क्लब से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। रोटरी चंडीगढ़ शिवालिक और टायनोर ऑर्थोपेडिक्स के सहयोग तथा द लॉरेंस स्कूल, सनावर के समर्थन से आयोजित इस रैली में करीब 45 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।

ब्रेल निर्देशों से रास्ता तय करेंगे दृष्टिबाधित नेविगेटर

रैली टीएसडी (Time-Speed-Distance) फॉर्मेट में आयोजित होगी। प्रत्येक कार में एक दृष्टिबाधित नेविगेटर, चालक और सहायक मौजूद रहेगा। दृष्टिबाधित नेविगेटर को रूट से संबंधित निर्देश ब्रेल में उपलब्ध कराए जाएंगे। इन्हीं निर्देशों के आधार पर वे चालक को मार्गदर्शन देंगे।

समाज की सोच बदलने का प्रयास

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 के जोन-8 की असिस्टेंट गवर्नर मनजीत कौर ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दृष्टिबाधित लोगों की क्षमताओं को लेकर समाज में बनी धारणाओं को बदलना और उन्हें समान अवसर प्रदान करने का संदेश देना है।

वहीं, द लॉरेंस स्कूल, सनावर के सीनियर टीचर कुमार गौतम ने कहा कि सनावर को रैली का गंतव्य बनाना स्वर्गीय हरि सिंह को श्रद्धांजलि देने का विशेष अवसर है।

यह रैली न सिर्फ मोटरस्पोर्ट के प्रति जुनून को दर्शाएगी, बल्कि दृष्टिबाधित लोगों की क्षमता, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का संदेश भी समाज तक पहुंचाएगी।