Home Hindi दिल्ली बिल्डिंग हादसा: सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढही, छह की...

दिल्ली बिल्डिंग हादसा: सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढही, छह की मौ*त; न्यायिक जांच के आदेश

September 07,2026 Fact Recorder

National Desk: राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच दक्षिण-पश्चिम जिले के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत अचानक जमींदोज हो गई। हादसे में अब तक छह लोगों की मौ*त हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर रेनोवेशन का काम चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान इमारत का ढांचा ढह गया। यह भवन कथित तौर पर पीजी/हॉस्टल के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ और अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। भारी मलबे के बीच राहतकर्मियों ने अभियान चलाकर अब तक 12 लोगों को बाहर निकाला, जिनमें सात घायल बताए गए हैं। घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर और आरआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मामले में भवन मालिक से जुड़े लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एफआईआर में गैर इरादतन हत्या और लापरवाही से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं।

नगर निगम की ओर से भी भवन को लेकर कार्रवाई की गई है। निगम के अनुसार, सत्य निकेतन स्थित भवन नंबर 13 की संपत्ति जर्जर और खतरनाक स्थिति में पाई गई थी। इसे गिराने का आदेश जारी किया गया है।

हादसे के बाद प्रशासन की ओर से मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं, बचाव अभियान लगातार जारी है और मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को देखते हुए जांच की जा रही है।

भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रजत चौधरी ने भी हादसे को गंभीर बताते हुए कहा कि यह राजनीति का समय नहीं है और सभी को राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करना चाहिए।