September 05,2026 Fact Recorder
International Desk: दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया में शुक्रवार को एक सैन्य परिसर में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। वियाचा शहर स्थित सैन्य अड्डे में हुए इस धमाके में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।
आतिशबाजी सामग्री वाले इलाके में हुआ विस्फोट
जानकारी के मुताबिक यह धमाका स्थानीय समयानुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे वियाचा के सैन्य परिसर में हुआ। यह इलाका राजधानी ला पाज से करीब 30 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट उस हिस्से में हुआ जहां आतिशबाजी और उससे संबंधित सामग्री रखी गई थी। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ धुएं का गुबार दिखाई दिया।
घायलों में ज्यादातर आम नागरिक
बोलीविया के रक्षा मंत्री अर्नेस्टो जस्टिनियानो के मुताबिक घायलों में ज्यादातर आम नागरिक हैं, जबकि कुछ सैन्यकर्मी भी घायल हुए हैं। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव दल को मौके पर भेजा गया। एंबुलेंस और मेडिकल टीमों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
62 लोग घायल, बच्ची की हालत गंभीर
स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का के अनुसार करीब 62 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 14 घायलों को इलाज के लिए ला पाज के अस्पतालों में भेजा गया है। घायलों में एक बच्ची भी शामिल है, जो करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गई है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
आसपास के घरों के शीशे टूटे
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि सैन्य परिसर के आसपास मौजूद दर्जनों घरों को भी नुकसान पहुंचा। कई मकानों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई देने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
दोबारा विस्फोट का खतरा, 150 मीटर दूर रहने की सलाह
अधिकारियों ने लोगों को घटनास्थल से दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक दमकलकर्मियों ने परिसर में एक हीट सोर्स का पता लगाया है, जिससे दोबारा विस्फोट होने की आशंका बनी हुई है। लोगों को कम से कम 150 मीटर की दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
विस्फोट की वजह का पता लगाने में जुटी जांच टीम
फिलहाल विस्फोट की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। रक्षा मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आतिशबाजी सामग्री में आग कैसे लगी और इसके बाद इतना बड़ा विस्फोट कैसे हुआ। राहत एवं बचाव अभियान के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।













