Home Hindi रेवंत रेड्डी ने की ओवैसी भाइयों की देशभक्ति की तारीफ, बोले- देश...

रेवंत रेड्डी ने की ओवैसी भाइयों की देशभक्ति की तारीफ, बोले- देश की रक्षा में कभी पीछे नहीं हटेंगे

September 04,2026 Fact Recorder

National Desk:  तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और उनके छोटे भाई अकबरुद्दीन ओवैसी की देशभक्ति की खुलकर तारीफ की है। सैदाबाद स्टील फ्लाईओवर के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान रेवंत रेड्डी ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन देशभक्ति के मामले में ओवैसी भाइयों पर सवाल नहीं उठाया जा सकता।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री होने के नाते वह पूरी जिम्मेदारी के साथ कह सकते हैं कि असदुद्दीन ओवैसी और अकबरुद्दीन ओवैसी देशभक्ति के मामले में किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जब बात देश की सुरक्षा और रक्षा की होगी, तो ओवैसी भाई कभी पीछे नहीं हटेंगे।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सैनिकों के समर्थन में थे ओवैसी

मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि असदुद्दीन ओवैसी सैनिकों के समर्थन में आयोजित रैली में कांग्रेस नेताओं के साथ शामिल हुए थे। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में शामिल भारतीय जवानों की सलामती के लिए दुआ भी की थी।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि कुछ लोगों ने ओवैसी भाइयों को देश के खिलाफ बताने की कोशिश की, लेकिन वह इससे सहमत नहीं हैं। उनके मुताबिक, राजनीतिक मुद्दों पर दोनों पक्षों की राय अलग हो सकती है, लेकिन देश की सुरक्षा और देशभक्ति के सवाल पर ओवैसी भाइयों की निष्ठा पर कोई उंगली नहीं उठा सकता।

ओवैसी ने भी रेवंत रेड्डी के लिए जताया समर्थन

कार्यक्रम में मौजूद असदुद्दीन ओवैसी ने भी मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का समर्थन किसी राजनीतिक दल के बजाय रेवंत रेड्डी के नेतृत्व को है। ओवैसी ने मुख्यमंत्री से अपने तरीके से सरकार चलाने और हैदराबाद तथा तेलंगाना के विकास पर ध्यान देने की अपील की।

ओवैसी ने कहा कि वह नहीं चाहते कि देश में दिखाई दे रही सांप्रदायिक सोच तेलंगाना में भी मजबूत हो। उन्होंने मुख्यमंत्री से पुराने शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने का आग्रह किया।

फ्लाईओवर उद्घाटन कार्यक्रम में साथ पहुंचे दोनों नेता

रेवंत रेड्डी और असदुद्दीन ओवैसी सैदाबाद स्टील फ्लाईओवर के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। यह फ्लाईओवर नलगोंडा एक्स रोड से संतोष नगर स्थित ओवैसी जंक्शन तक बनाया गया है।

इस दौरान रेवंत रेड्डी ने राजनीतिक मतभेदों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि AIMIM नेताओं ने चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस को हराने की कोशिश की होगी, लेकिन चुनावी राजनीति में इस तरह के मुकाबले होते रहते हैं।

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों BRS और BJP पर प्रतिष्ठित मूसी कायाकल्प परियोजना में बाधा डालने का आरोप भी लगाया।