Home Hindi नशों से संबंधित गतिविधियों में शामिल किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा:...

नशों से संबंधित गतिविधियों में शामिल किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा: मोहिंदर भगत

कहा, सूबा सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ मिसाली कार्रवाई की, 76701 मुलजि़मों को सलाखों के पीछे भेजा, 21.99 करोड़ रुपये की ड्रग मनी जब्त की
पुलिस अधिकारियों को नशों की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान केंद्रित करने की हिदायत की
जमानत या पैरोल पर बाहर आए नशा तस्करों पर भी सख्त नजर रखने के निर्देश
जालंधर, 02 सितंबर 2026 Fact Recorder
Punjab Desk:  पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज कहा कि पंजाब सरकार ने सूबे से नशों के पूर्ण उन्मूलन के लिए लगातार युद्ध छेड़ रखा है और नशों से संबंधित गतिविधियों में शामिल किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
यहां जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में विधायक बलकार सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) अमरजीत बैंस, एस.एस.पी. जालंधर (ग्रामीण) हरविंदर सिंह विर्क और नशा मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत समीक्षा बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई हुई है, जिसके तहत नशा तस्करी में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि युद्ध नशों के विरुद्ध के तहत 1 मार्च 2025 से 30 अगस्त 2026 तक 58797 मामले दर्ज करके 76701 मुलजि़मों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मुहिम के तहत बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी के अलावा 21.99 करोड़ रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की गई है।
श्री भगत ने पुलिस अधिकारियों को हिदायत की कि नशे के खिलाफ मुहिम को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए नशे की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाए। उन्होंने इस अभिशाप को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस, सिविल प्रशासन और स्थानीय लोगों के बेहतर आपसी तालमेल की जरूरत पर जोर दिया।
कैबिनेट मंत्री ने डी.एस.पी.ओं को हिदायत करते हुए कहा कि एस.एच.ओ., गांव और वार्ड डिफेंस कमेटियों के साथ नियमित बैठकें की जाएं और अपने क्षेत्रों में नशों संबंधी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने पुलिस को जमानत या पैरोल पर बाहर आए नशा तस्करों पर भी सख्त नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई ऐसा व्यक्ति फिर से नशा तस्करी में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार बनती कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सूबे से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है और नशे के खिलाफ लड़ाई को पुलिस, सिविल प्रशासन, नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से और तेज किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा जहां नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं नशों के दलदल में फंसे व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए भी ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी को नशों के अभिशाप से बचाने के लिए समाज के सभी वर्गों को ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त रंगला पंजाब के निर्माण के लिए समाज के हर वर्ग का योगदान बहुत जरूरी है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने नशा मुक्ति मोर्चा के जिला और हलका समन्वयकों से फीडबैक भी प्राप्त की।
विधायक बलकार सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम में हर वर्ग के लोगों द्वारा पूरा सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार नशों को खत्म करने के लिए पूरी दृढ़ता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ लड़ाई पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक को इसमें योगदान देना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को नशों के घातक प्रभाव से बचाया जा सके।
एस.एस.पी. जालंधर (ग्रामीण) हरविंदर सिंह विर्क ने अवगत करवाया कि युद्ध नशे के विरुद्ध मुहिम के तहत जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा 1 मार्च 2025 से अब तक 2815 मामले दर्ज करके 3980 मुलजि़मों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पुनर्वास प्रयासों के तहत अब तक 6500 से अधिक नशा प्रभावित व्यक्तियों को नशा छुड़ाऊ केंद्रों में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण पुलिस द्वारा गांव एवं वार्ड डिफेंस कमेटियों के साथ लगातार बैठकों के अलावा नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए सेमिनार/वर्कशॉप भी करवाए जा रहे हैं।
अंत में नशा मुक्ति मोर्चा के दोआबा इंचार्ज अतिन अग्निहोत्री ने मुहिम के तहत जिला एवं हलका स्तर की गतिविधियों पर प्रकाश डाला और नशों के खिलाफ लड़ाई में पंजाब सरकार एवं प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बैठक में डी.एस.पी., नशा मुक्ति मोर्चा के जिला इंचार्ज (ग्रामीण) अजय भील के अलावा हलका समन्वयक, ब्लॉक समन्वयक आदि भी मौजूद थे।