August 21,2026 Fact Recorder
National Desk: विशाखापत्तनम से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां एक निजी स्कूल में 6 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। परिवार ने आरोप लगाया है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर शिक्षक ने बच्चे की डंडे से पिटाई की, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।
घटना विशाखापत्तनम के वन टाउन इलाके में स्थित लिटिल गार्डन स्कूल की बताई जा रही है। क्लासरूम में बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद उसे किंग जॉर्ज हॉस्पिटल (KGH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृ*त घोषित कर दिया।
बच्चे की पिटाई का परिवार ने लगाया आरोप
मृ*तक बच्चे की पहचान प्रणय तेजा के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर शिक्षक ने प्रणय की डंडे से पिटाई की थी। आरोप के मुताबिक, पिटाई के बाद बच्चा जमीन पर गिर गया और उसकी तबीयत बिगड़ गई।
बच्चे की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सुबह बिल्कुल ठीक था बच्चा
प्रणय के पिता के अनुसार, बच्चा गुरुवार सुबह बिल्कुल सामान्य था। पिता ने बताया कि प्रणय ने खुद स्कूल जाने की जिद की थी। इसके बाद उसे स्कूल भेज दिया गया।
पिता के मुताबिक, स्कूल की ओर से परिवार को घटना की कोई सूचना नहीं दी गई। बाद में स्थानीय लोगों से फोन के जरिए बच्चे की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली।
परिवार जब अस्पताल पहुंचा तो उन्हें बच्चे की मौ*त की जानकारी दी गई। पिता ने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से करीब आधे घंटे पहले ही बच्चे की मौ*त हो चुकी थी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बच्चे की मौ*त की वास्तविक वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
फिलहाल परिवार की ओर से लगाए गए शिक्षक की पिटाई के आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस स्कूल प्रबंधन और संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटना के पूरे क्रम का पता लगाने में जुटी है।













