Home Hindi मध्य अफ्रीकी गणराज्य में सोने की खदान धंसी, 30 खनिकों की मौ*त;...

मध्य अफ्रीकी गणराज्य में सोने की खदान धंसी, 30 खनिकों की मौ*त; कई मलबे में फंसे

August 19,2026  Fact Recorder

International Desk:  मध्य अफ्रीकी गणराज्य के पश्चिमी हिस्से में मंगलवार को एक सोने की खदान अचानक धंस गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 30 खनिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। घटना के बाद मौके पर बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

यह हादसा नाना-माम्बेरे प्रांत के अब्बा इलाके में हुआ। स्थानीय अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खदान के अचानक धंसने से बड़ी संख्या में खनिक मलबे के नीचे दब गए। बचाव दल लगातार फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटा है, हालांकि समय बीतने के साथ उनके जीवित मिलने की संभावना कम होती जा रही है।

मलबे से निकाले गए 30 श*व

अब्बा उप-प्रांत के उप महापौर सुलेमान बी के अनुसार, स्थानीय लोगों और बचाव दल ने कई घंटों की मशक्कत के बाद खदान से 30 शव बाहर निकाले हैं। हादसे में घायल कुछ खनिकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

उन्होंने हादसे को बेहद भयावह बताते हुए कहा कि मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। साथ ही प्रभावित लोगों की मदद के लिए संगठनों और आम लोगों से सहयोग की अपील की गई है।

बचे खनिक ने बताई हादसे की भयावहता

हादसे में बचे खनिक फ्लोरियन गागुएंडे ने बताया कि मंगलवार सुबह खदान अचानक धंस गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में खनिक मलबे में दब गए। उन्होंने बताया कि बचावकर्मी लगातार लोगों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन समय गुजरने के साथ उनके जीवित मिलने की उम्मीद कम हो रही है।

हादसे के बाद सामने आया वीडियो

हादसे के बाद सामने आए वीडियो में घटनास्थल पर अफरा-तफरी का aमाहौल दिखाई दे रहा है। कीचड़ से सने स्थानीय लोग और बचावकर्मी मलबे से शवों को बाहर निकालते नजर आए। कई घायल खनिक भी घटनास्थल पर मदद की गुहार लगाते दिखाई दिए।

सरकार ने जताया दुख

सरकार के प्रवक्ता एवरिस्त नगामाना ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को राहत और सहायता उपलब्ध कराने के लिए अधिकारी तेजी से काम कर रहे हैं।

मध्य अफ्रीकी गणराज्य में छोटे और पारंपरिक सोने के खनन क्षेत्रों में ऐसे हादसे पहले भी सामने आते रहे हैं। पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और आधुनिक खनन सुविधाओं की कमी के कारण छोटे स्तर पर होने वाला खनन बेहद जोखिम भरा माना जाता है।