कुल्लू के आनी उपमंडल में मंदिर से लौटते समय हुआ हादसा, खाई में गिरने से कार के उड़े परखच्चे
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डॉक्टर दंपति की जान चली गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा रानाबाग-देऊरी मार्ग पर उस समय हुआ, जब पहाड़ी से अचानक भारी चट्टानें गिरने के कारण उनकी कार खाई में स्थित नाले में जा गिरी।
मिली जानकारी के अनुसार, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बृज ठाकुर अपनी पत्नी सुनीता और बेटी के साथ खुढीजल मंदिर में दर्शन कर वापस लौट रहे थे। सुबह करीब 10:45 बजे रानाबाग-देऊरी मार्ग पर अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा दरक गया और विशाल चट्टानें उनकी चलती कार पर आ गिरीं। चट्टानों की जोरदार टक्कर से कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में स्थित नाले में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में डॉ. बृज ठाकुर और उनकी पत्नी सुनीता की सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी गंभीर रूप से घायल बेटी को तुरंत आनी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस दुखद हादसे से रामपुर और आनी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह पहाड़ी से अचानक चट्टानों का गिरना माना जा रहा है।













