Home Hindi जापान में 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी; तटीय...

जापान में 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी; तटीय इलाकों में अलर्ट

टोक्यो,28 July 2026 Fact Recorder

International Desk:  जापान के क्यूशू द्वीप पर मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। भूकंप का केंद्र कुमामोटो क्षेत्र में समुद्र तल से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी।

JMA के अनुसार समुद्र में करीब एक मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है। इसके मद्देनजर तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को समुद्र से दूर रहने और सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

भूकंप का असर कुमामोटो के अलावा नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी प्रांतों में भी महसूस किया गया। इन सभी क्षेत्रों में आपातकालीन भूकंप अलर्ट जारी किया गया है।

हालांकि, अमेरिकी पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने कहा है कि स्थानीय तटों से आगे व्यापक सुनामी का खतरा नहीं है। फिलहाल किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। जापानी मीडिया के अनुसार भूकंप के झटके करीब एक मिनट तक महसूस किए गए।

गौरतलब है कि इससे पहले 25 जून को भी उत्तरी जापान में 7.2 तीव्रता का भूकंप आया था। जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है और यह प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित होने के कारण अक्सर भूकंपों का सामना करता है।