28 July 2026 Fact Recorder
Sports Desk: श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। हालांकि, 15 सदस्यीय टीम में कुछ ऐसे खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। उनके चयन न होने पर क्रिकेट विशेषज्ञों और प्रशंसकों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
सबसे पहले बात तेज गेंदबाज आकिब नबी की, जिन्होंने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में 60 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था। उन्हें पहले अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट टीम में शामिल किया गया था, लेकिन डेब्यू का मौका नहीं मिला। अब श्रीलंका दौरे की टीम से भी उन्हें बाहर रखा गया है।
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी एक बार फिर टेस्ट टीम में जगह नहीं बना सके। अच्छी फॉर्म के बावजूद उनकी फिटनेस को लेकर सवाल बने हुए हैं, जिसके चलते चयनकर्ताओं ने उन्हें नजरअंदाज किया।
मध्यक्रम के बल्लेबाज सरफराज खान को भी टीम में शामिल नहीं किया गया। सरफराज ने भारत के लिए 6 टेस्ट मैचों में 371 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। इसके बावजूद 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट खेलने के बाद से उन्हें दोबारा मौका नहीं मिला।
वहीं, बंगाल के ऑलराउंडर शाहबाज अहमद भी चयन से चूक गए। उन्होंने पिछले रणजी सीजन में 8 मैचों में 39 विकेट लेने के साथ 434 रन भी बनाए थे। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड भी प्रभावशाली रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें टेस्ट टीम में जगह नहीं मिल सकी।
इन खिलाड़ियों की अनदेखी के बाद चयन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अंतिम फैसला चयन समिति की रणनीति और टीम संयोजन को ध्यान में रखकर लिया गया है।













