मंडी, 13 जुलाई 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: जिला खेल परिषद, मण्डी द्वारा जिला खेल कल्याण योजना 2026-27 के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना है जिसमें उन्हें दो हजार रुपए प्रतिमाह डाईट मनी और खेल उपकरणों के लिए 10 हजार रुपए वार्षिक दिए जाते हैं।
परिषद के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि जिन खिलाड़ियों ने वर्ष 2025-26 में किसी भी मान्यता प्राप्त खेल स्पर्धा में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण या रजत पदक जीता है, वे इस योजना के पात्र होंगे। पात्र खिलाड़ी इस योजना का लाभ उठाने के लिए पूर्ण दस्तावेजों जैसे कि खेल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आईआरडीपी, बीपीएल, एससी, एसटी प्रमाण पत्र सहित 31 जुलाई, 2026 तक जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी के कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यह योजना केवल 20 जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों के लिए है तथा प्रति खेल संघ से अधिकतम दो खिलाड़ी ही चुने जाएंगे। अधिक आवेदन आने पर आईआरडीपी, बीपीएल, एससी, एसटी और एशियन व ओलंपिक खेलों के को प्राथमिकता दी जाएगी। खिलाड़ी को लाभ जारी रखने के लिए प्रतिमाह की रिपोर्ट देनी होगी तथा प्रतिवर्ष पदक जीतते रहना होगा। राजकीय अथवा केंद्र सरकार के किसी भी खेल छात्रावास में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ी इस योजना के लिए आवेदन नहीं दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि विस्तृत जानकारी के लिए खेल विभाग के कार्यालय में सम्पर्क किया जा सकता है।













