Home Haryana मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की योजनाओं की समीक्षा...

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की योजनाओं की समीक्षा की, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यों के दिए निर्देश

सुरक्षित पेयजलसीवरेज एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन को और सुदृढ़ बनाने पर सरकार का विशेष जोर

चंडीगढ़, 2 जुलाई 2026 Fact Recorder 

Haryana Desk:  हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आज चंडीगढ़ में राज्य सरकार की बजट घोषणाओं, मुख्यमंत्री घोषणाओं तथा संकल्प पत्र की प्रतिबद्धताओं की समीक्षा के लिए आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा सीवरेज एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि राज्य के कुछ जिलों में बढ़ते भूजल स्तर के कारण पेयजल को दूषित होने से बचाने के उद्देश्य से विभाग ने 446 वॉटर वर्क्स टैंकों को पारंपरिक ईंटों की लाइनिंग के स्थान पर आरसीसी (RCC) लाइनिंग में परिवर्तित करने की योजना बनाई है। वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण में हिसार, रोहतक, झज्जर, भिवानी तथा चरखी दादरी जिलों के 44 वॉटर वर्क्स टैंकों को आरसीसी लाइनिंग में परिवर्तित करने का कार्य किया जा रहा है।

बैठक में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सीवरेज तथा अपशिष्ट जल प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभागों द्वारा शोधित अपशिष्ट जल का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि जल संरक्षण को बढ़ावा मिले और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में भूजल स्तर कम है, वहां पेयजल उपलब्धता सुदृढ़ करने के लिए नहरी पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना तथा आधुनिक एवं टिकाऊ जल प्रबंधन प्रणाली विकसित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं जवाबदेही के साथ पूरा करते हुए आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जाए।

 बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता,डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर की प्रधान सचिव श्रीमती अमनीत पी. कुमार, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रधान सचिव श्री पंकज यादव, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल, मुख्यमंत्री के ओएसडी एवं स्वर्ण जयंती हरियाणा राजकोषीय प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।