Home Business डिफेंस सेक्टर के इस शेयर में जबरदस्त उछाल, 3 दिन में 24%...

डिफेंस सेक्टर के इस शेयर में जबरदस्त उछाल, 3 दिन में 24% चढ़ा भाव; जानिए तेजी की 3 बड़ी वजहें

20 May 2026 Fact Recorder

Business Desk:  डिफेंस सिस्टम बनाने वाली कंपनी Apollo Micro Systems के शेयरों में पिछले कुछ दिनों से जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। बुधवार को कंपनी का शेयर करीब 8 फीसदी उछलकर 367 रुपये के आसपास पहुंच गया। बीते तीन कारोबारी सत्रों में यह शेयर लगभग 24 प्रतिशत तक चढ़ चुका है।

कंपनी के शेयरों में आई इस तेजी के पीछे कई अहम कारण बताए जा रहे हैं। सबसे बड़ा कारण कंपनी के मजबूत तिमाही नतीजे हैं। मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 168 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 37.61 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी का मुनाफा करीब 14 करोड़ रुपये था।

वहीं कंपनी की आय में भी शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी की कमाई 81 फीसदी बढ़कर 293.25 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 161.76 करोड़ रुपये थी।

कंपनी का EBITDA भी मजबूत रहा। चौथी तिमाही में EBITDA बढ़कर 67.64 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल 35.99 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन भी 22 फीसदी से बढ़कर 23 फीसदी हो गया है।

तकनीकी संकेतक भी शेयर में मजबूती की ओर इशारा कर रहे हैं। मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, साप्ताहिक और मासिक चार्ट पर MACD इंडिकेटर बुलिश संकेत दे रहा है। इसके अलावा बोलिंगर बैंड्स का फैलाव शेयर में बढ़ती तेजी और मजबूत ट्रेंड की पुष्टि कर रहा है।

कंपनी ने हैदराबाद में नए ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट की घोषणा भी की है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में प्रोडक्शन ऑर्डर बढ़ने से कंपनी के कारोबार और मुनाफे में और तेजी देखने को मिल सकती है।