03 May 2026, Fact Recorder
Himachal Desk: कुल्लू जिले के आनी विधानसभा क्षेत्र में शनिवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान ने दर्दनाक हादसे को जन्म दे दिया। उपमंडल आनी के अंतर्गत शमशर-गुगरा मार्ग पर बाली ओल के पास करीब शाम 5 बजे एक बड़ा चीड़ का पेड़ अचानक चलती बोलेरो (नंबर HP 01K-4621) पर गिर गया।
तेज तूफान के कारण पेड़ गिरते ही वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। उस समय गाड़ी में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे, जिनमें छह महिला अध्यापिकाएं शामिल थीं। हादसे में चार शिक्षिकाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
मृतकों की पहचान स्नेह लता (पारलीधार कमांद), बंती कौंडल (लामीसेरी), उषा कुमारी (तराला जाओं) और सीमा आजाद (रोपड़ी) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में चालक सुरेश चंद (तारा देवी, रोपड़ी) और रीना कुमारी (कठेहड़, सरकाघाट, मंडी) शामिल हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज आंधी-तूफान माना जा रहा है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों का इलाज आनी अस्पताल में जारी है।













