27 अप्रैल 2026, Fact Recorder
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ में इस बार अप्रैल ने ही जून जैसी झुलसाने वाली गर्मी का एहसास करा दिया है। 26 अप्रैल को शहर का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले पांच वर्षों में इस तारीख का सबसे ज्यादा तापमान है और सामान्य से करीब 3.9 डिग्री अधिक रहा। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, 2026 का अप्रैल जलवायु परिवर्तन के असर को साफ दिखा रहा है। 2023 और 2024 में पश्चिमी विक्षोभ के कारण अप्रैल अपेक्षाकृत ठंडा रहा था, लेकिन इस बार तापमान में तेज उछाल देखने को मिला है। पिछले 17 वर्षों में शहर की जलवायु चरम स्थितियों में 21.7% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे कभी भीषण गर्मी तो कभी अचानक बारिश जैसी स्थितियां बन रही हैं।
हालांकि, आने वाले दिनों में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक 27 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए 2 मई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मंगलवार के बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। विभाग ने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।













