यूपी चुनाव 2027: भारतीय जनता पार्टी का बड़ा ऐलान, योगी आदित्यनाथ ही होंगे सीएम चेहरा

23 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Politics Desk:  लखनऊ में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि 2027 का चुनाव मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक इंटरव्यू में कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा पहले से तय है और योगी आदित्यनाथ ही आगामी चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि बीजेपी उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल रहेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में मौजूदा सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और विकास कार्यों को गति मिली है। उनके अनुसार, जो राज्य पहले अपराध और माफियागीरी के लिए जाना जाता था, आज वही बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और एक्सप्रेसवे के लिए पहचान बना रहा है।

नितिन नवीन ने दावा किया कि सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और शिक्षा, स्वास्थ्य व विकास के क्षेत्र में व्यापक काम हुआ है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर उसकी पकड़ कमजोर हो चुकी है और जनता अब विकास के मुद्दों पर ही निर्णय ले रही है।

गौरतलब है कि 2027 के चुनाव को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और राज्य में राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है।