18 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: अमेरिका की अपीली अदालत ने राष्ट्रपति Donald Trump के 400 मिलियन डॉलर (करीब 3300 करोड़ रुपये) के व्हाइट हाउस बॉलरूम प्रोजेक्ट को फिलहाल राहत दे दी है। अदालत ने कहा है कि मामले की अगली सुनवाई तक निर्माण कार्य जारी रह सकता है। अब इस मामले पर 5 जून को सुनवाई होगी, जिसमें यह तय किया जाएगा कि अपील लंबित रहने तक काम रोका जाए या नहीं।
तीन जजों की बेंच ने निचली अदालत के उस आदेश पर अस्थायी रोक लगा दी, जिसमें प्रोजेक्ट को अवैध बताते हुए निर्माण रोकने को कहा गया था। निचली अदालत के जज Richard Leon का कहना था कि कांग्रेस की मंजूरी के बिना व्हाइट हाउस के ईस्ट विंग को गिराकर नया निर्माण नहीं किया जा सकता।
इस परियोजना के खिलाफ National Trust for Historic Preservation ने मुकदमा दायर किया है। संगठन का आरोप है कि ऐतिहासिक इमारत को तोड़ने और उसके स्थान पर नया निर्माण करने का अधिकार प्रशासन के पास नहीं था। यह मुकदमा तब दायर किया गया, जब पिछले साल व्हाइट हाउस के ईस्ट विंग को गिराकर निर्माण शुरू कर दिया गया।
प्रोजेक्ट के तहत करीब 90,000 वर्ग फुट का एक विशाल बॉलरूम बनाया जा रहा है, जिसमें लगभग 1,000 लोग बैठ सकेंगे। इसके नीचे एक आधुनिक भूमिगत सैन्य बंकर और सुरक्षा परिसर भी तैयार किया जा रहा है। ट्रंप प्रशासन का दावा है कि इस परिसर में बुलेटप्रूफ ग्लास, ड्रोन हमलों से बचाव और अन्य उन्नत सुरक्षा प्रणालियां होंगी।
Donald Trump का कहना है कि यह प्रोजेक्ट व्हाइट हाउस की सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा। उन्होंने यह भी कहा है कि पूरे निर्माण का खर्च निजी दानदाताओं द्वारा उठाया जा रहा है और इसमें सरकारी धन का इस्तेमाल नहीं होगा।













