18 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: भारत से हज 2026 यात्रा का शनिवार को औपचारिक शुभारंभ हो गया। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 371 जायरीनों का पहला जत्था सऊदी अरब के मक्का के लिए रवाना हुआ। इस दौरान हवाई अड्डे पर भावुक माहौल देखने को मिला, जहां परिजनों ने यात्रियों को नम आंखों से विदाई दी।
दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां भी इस मौके पर मौजूद रहीं। उन्होंने सभी जायरीनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हज हर मुसलमान के जीवन का बेहद अहम और पवित्र अवसर होता है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार लगातार हज यात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार कर रही है, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित, आसान और आरामदायक हो सके।
कौसर जहां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार हज यात्रियों की सुविधा के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी जायरीन सकुशल यात्रा पूरी करेंगे।
रवाना होने से पहले कई यात्री भावुक नजर आए। एक जायरीन एमडी जीशान ने कहा कि इस पल को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अल्लाह ने उन्हें यह अवसर दिया है और वे दुआ करते हैं कि हर किसी को यह सौभाग्य मिले। उन्होंने यात्रियों से धैर्य रखने और एक-दूसरे की मदद करने की अपील भी की।
एक अन्य यात्री एमडी काशिफ ने कहा कि केवल खुशकिस्मत लोगों को ही हज पर जाने का मौका मिलता है। उन्होंने बताया कि वह मक्का पहुंचकर दुनिया में शांति और भाईचारे के लिए दुआ करेंगे। साथ ही उन्होंने बेहतर इंतजामों के लिए भारत सरकार का आभार जताया।
उधर, कश्मीर से भी हज यात्रियों का पहला जत्था शनिवार को रवाना हुआ। श्रीनगर के बेमीना स्थित हज हाउस से 431 जायरीन तीन उड़ानों के जरिए सऊदी अरब भेजे गए। इनमें 230 पुरुष और 201 महिलाएं शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, पहली उड़ान में 145, दूसरी में 143 और तीसरी में 143 यात्री रवाना हुए। सभी यात्रियों ने हज यात्रा के सफल और शांतिपूर्ण होने की दुआ की।
पहले जत्थों की रवानगी के साथ ही भारत से हज 2026 अभियान की शुरुआत हो गई है। आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों से हजारों जायरीन मक्का और मदीना के लिए रवाना होंगे।













