10 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: दिल्ली में यमुना नदी के पुनरुद्धार को लेकर सरकार अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने गुरुवार को विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण कर चल रहे कार्यों का जायजा लिया।
दोनों नेताओं ने वासुदेव घाट और यमुना बाजार क्षेत्र का दौरा किया, जहां सफाई व्यवस्था और विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यमुना के प्राकृतिक घाटों का स्थायी रूप से सौंदर्यीकरण किया जाए, ताकि हर साल छठ पूजा जैसे बड़े आयोजनों के लिए अस्थायी व्यवस्थाओं पर होने वाला खर्च कम किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने मानसून से पहले डी-सिल्टिंग (गाद निकालने) के काम को तेज करने पर भी जोर दिया, ताकि हरियाणा से पानी छोड़े जाने की स्थिति में दिल्ली में बाढ़ या जलभराव की समस्या से बचा जा सके। इसके साथ ही यमुना तटों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए।
सरकार ने साफ किया है कि यमुना को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुंदर बनाना उसकी प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परियोजनाओं की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी













