एक ट्रक से शुरू किया सफर, आज 1500 करोड़ का साम्राज्य: अजय सिंघल की प्रेरणादायक कहानी

 10 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Business Desk:  नई दिल्ली। सफलता की कहानियां अक्सर संघर्ष, जोखिम और सही समय पर लिए गए फैसलों से बनती हैं। ऐसी ही एक मिसाल हैं अजय सिंघल, जिन्होंने 1982 में एक छोटे से दफ्तर और सिर्फ एक ट्रक के साथ अपने बिजनेस की शुरुआत की थी। आज उनकी कंपनी ओम लॉजिस्टिक्स 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा टर्नओवर वाली बड़ी लॉजिस्टिक्स कंपनी बन चुकी है।

अजय सिंघल ने अपने करियर की शुरुआत बेहद छोटे स्तर से की थी। उन्होंने मात्र 18 साल की उम्र में अपने चाचा के साथ मिलकर दिल्ली के वजीराबाद इलाके में रेडियो के पुर्जे बनाने की फैक्ट्री शुरू की, जिसे सिर्फ 3000 रुपये में खड़ा किया गया था। करीब चार साल बाद उन्होंने इस बिजनेस को 60,000 रुपये में बेच दिया, जो उस समय एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती थी।

इसके बाद उन्होंने ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में कदम रखा और यहीं से उनकी असली सफलता की कहानी शुरू हुई। अजय ने इस क्षेत्र में कुछ अलग करने का फैसला लिया। उन्होंने न सिर्फ समय पर डिलीवरी पर फोकस किया, बल्कि ट्रकों में बदलाव (मॉडिफिकेशन) कर उन्हें ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से तैयार किया। यही उनका सबसे बड़ा गेमचेंजर साबित हुआ।

उन्होंने बाजार में प्रतिस्पर्धा को समझते हुए कम किराए की रणनीति अपनाई। जहां दूसरे कारोबारी दिल्ली से मुंबई तक सामान पहुंचाने के लिए लगभग 3000 रुपये लेते थे, वहीं अजय सिंघल ने यह काम सिर्फ 1200 रुपये में करना शुरू किया। इस कदम ने उन्हें तेजी से ग्राहकों के बीच लोकप्रिय बना दिया।

समय के साथ उनकी कंपनी को बड़े क्लाइंट्स भी मिलने लगे। मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स और बजाज जैसी कंपनियों के साथ काम करते हुए उन्होंने अपने बिजनेस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। खास बात यह रही कि उन्होंने भारत में सबसे पहले मॉडिफाइड ट्रकों के जरिए कारों की ढुलाई शुरू की।

आज ओम लॉजिस्टिक्स के पास 6000 से ज्यादा ट्रकों का बड़ा बेड़ा है और कंपनी में 5000 से अधिक लोग काम करते हैं। उनका कारोबार 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा का हो चुका है।

👉 अजय सिंघल की यह कहानी बताती है कि छोटे से शुरुआत करके भी बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है, अगर आपके पास सही सोच, मेहनत और नवाचार करने का जज्बा हो।