पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी: इंटरनेशनल ऑपरेशन में अमृतपाल सिंह गिरफ्तार

10अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Punjab Desk:  पंजाब पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। जून 2025 में बठिंडा में इंटरनेट मीडिया इंफ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल भाभी की ह/त्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। लंबे समय से फरार आरोपी को मध्य पूर्व से डिपोर्ट कर भारत लाया गया।

10 अप्रैल 2026 की सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईजीआई) पर पहुंचते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरे ऑपरेशन को पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग की ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (OFTEC) और केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से अंजाम दिया गया।

जांच एजेंसियों के अनुसार, 11 जून 2025 को अमृतपाल सिंह मेहरों ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर कंचन कुमारी का अपहरण कर ह/त्या कर दी थी। इसके बाद उसका शव बठिंडा में आदेश अस्पताल के पास खड़ी एक कार में छोड़ दिया गया था। इस मामले में शामिल अन्य तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

ह/त्या के बाद मुख्य आरोपी देश छोड़कर विदेश भाग गया था और लगातार अपनी लोकेशन छिपाकर कानून से बचने की कोशिश कर रहा था। लेकिन पंजाब पुलिस ने तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की और एक्सट्राडिशन प्रक्रिया पूरी कर उसे भारत वापस लाने में सफलता हासिल की।

पंजाब पुलिस ने इस कार्रवाई को अपनी बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि संगठित अपराध और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के खिलाफ उसकी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी। पुलिस ने यह भी दोहराया कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को सजा दिलाने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।