लॉरेंस बिश्नोई पर जीशान अख्तर का बड़ा आरोप: “वही असली गद्दार, FBI से जुड़े होने का दावा”

10अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: अमेरिका में सक्रिय भारतीय गैंगस्टरों के बीच बढ़ते टकराव के बीच, फरार आरोपी जीशान अख्तर ने एक वीडियो जारी कर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उसने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग को “गद्दार” बताते हुए दावा किया कि वे अमेरिका के लिए काम कर रहे हैं और ड्रग्स के कारोबार में शामिल हैं।

जीशान अख्तर, जो कभी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हिस्सा रह चुका है, अब खुलकर उसके खिलाफ आ गया है। उसने कहा कि लॉरेंस और उसका गैंग झूठी जिम्मेदारियां लेकर खुद को बड़ा दिखाने की कोशिश करते हैं। अख्तर ने यह भी दावा किया कि गैंग ने भानु राणा की हत्या का जो दावा किया है, वह गलत है और उसकी मौत कुछ महीने पहले अन्य कारणों से हुई थी।

अख्तर ने रोहित गोदारा का बचाव करते हुए कहा कि उसे गद्दार कहना गलत है। उसके मुताबिक, गोदारा “ईमानदार और अच्छा इंसान” है, जबकि असली गद्दारी लॉरेंस और उसके साथियों ने की है।

वीडियो में अख्तर ने धमकी भरे लहजे में कहा कि भानु राणा की मौत का बदला लिया जाएगा। उसने आरोप लगाया कि लॉरेंस बिश्नोई अपने करीबी साथियों को भी नहीं छोड़ता और अपने फायदे के लिए उनके खिलाफ साजिश रचता है।

सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए अख्तर ने कहा कि लॉरेंस और उसका गैंग “FBI के लिए काम करते हैं” और अमेरिका में रहकर सूचनाएं साझा करते हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।

गौरतलब है कि जीशान अख्तर पर एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में शामिल शूटरों को लॉजिस्टिक सपोर्ट देने का आरोप है और वह फिलहाल फरार है। वहीं, लॉरेंस बिश्नोई गैंग और उसके पूर्व सहयोगियों के बीच यह विवाद लगातार गहराता जा रहा है।