हिमाचल न्यायिक सेवा में बड़ा फेरबदल: हाई कोर्ट ने कई जजों के तबादले और नियुक्तियां कीं

08 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk:  हिमाचल प्रदेश में न्यायिक सेवा में व्यापक बदलाव करते हुए हाई कोर्ट ने जिला न्यायाधीशों, अतिरिक्त जिला न्यायाधीशों, वरिष्ठ सिविल जजों और सिविल जजों के बड़े पैमाने पर तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। ये सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।

जारी आदेशों के अनुसार, अनुजा सूद को चंबा का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है, जबकि प्रीति ठाकुर को शिमला में श्रम न्यायालय एवं औद्योगिक न्यायाधिकरण का पीठासीन अधिकारी बनाया गया है। विक्रांत कौंडल को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला में अतिरिक्त सचिव और मनीषा गोयल को कुल्लू में वरिष्ठ सिविल जज सह मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात किया गया है।

इसके अलावा, निरंजन सिंह को पदोन्नत कर लाहौल में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है। कई अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न जिलों में वरिष्ठ सिविल जज, एसीजेएम और विधिक सेवा प्राधिकरणों में सचिव के रूप में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

सिविल जज स्तर पर भी बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं। विभिन्न जिलों में नए जजों की नियुक्ति, स्थानांतरण और प्रशिक्षण रिजर्व में तैनाती की गई है। साथ ही, मोबाइल ट्रैफिक मजिस्ट्रेट के पदों पर भी नई नियुक्तियां की गई हैं।

यह अधिसूचना हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा जारी की गई है, जिसका उद्देश्य न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और सुचारू बनाना है।