03अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: आईपीएल 2026 के छठे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। यह मुकाबला ईडन गार्डन्स में खेला गया, जहां हैदराबाद ने एकतरफा अंदाज में मैच अपने नाम किया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 226 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम को तेज शुरुआत दिलाने में अभिषेक शर्मा (48 रन, 21 गेंद) और ट्रेविस हेड (46 रन, 21 गेंद) ने अहम भूमिका निभाई। दोनों ने मिलकर सिर्फ 34 गेंदों में 82 रन जोड़े। इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने 52 रन और नितीश कुमार रेड्डी ने 39 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
कोलकाता की ओर से ब्लेसिंग मुजरबानी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 41 रन देकर 4 विकेट झटके और अपनी टीम के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे।
227 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। आंगकृष रघुवंशी ने 52 रन बनाए, जबकि रिंकू सिंह 35 रन ही बना सके। फिन एलन ने 7 गेंदों पर 28 रन बनाकर तेज शुरुआत दी, लेकिन उसे आगे बढ़ा नहीं सके। पूरी टीम 161 रन पर ऑलआउट हो गई।
हैदराबाद की गेंदबाजी में जयदेव उनादकट ने 3 विकेट झटके, जबकि एहसान मलिंगा और नितीश कुमार रेड्डी ने 2-2 विकेट लिए। इस जीत के साथ हैदराबाद ने टूर्नामेंट में अपनी शुरुआत मजबूत की, जबकि कोलकाता को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।











