भगवान महावीर के संदेश मानवता को सदैव प्रेरित करते रहेंगे:  मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भगवान महावीर जयंती पर किया नमन

 चंडीगढ़, 31 मार्च 2026 Fact Recorder

Haryana Desk: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने भगवान महावीर जयंती के पावन अवसर पर भगवान महावीर को पुष्प अर्पित करते हुए नमन किया। चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान महावीर के उपदेश अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और आत्मसंयम आज भी प्रासंगिक हैं और मानव को सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के संदेश समाज में शांति, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर हम एक बेहतर और समरस समाज का निर्माण कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे भगवान महावीर के दिखाए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, सहिष्णुता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा दें।

उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने जीवन में अहिंसा और सत्य के मार्ग का पालन करेंगे तथा समाज के कल्याण के लिए कार्य करेंगे।