31 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Politics Desk: लखनऊ में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी प्रमुख मायावती ने संगठन की एक अहम बैठक बुलाई है, जिसमें चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से चर्चा होगी। इस बैठक में पार्टी पदाधिकारियों को दिए गए लक्ष्यों की समीक्षा के साथ-साथ विपक्षी दलों का मुकाबला करने की योजना भी तैयार की जाएगी।
लगातार तीन चुनावों में कमजोर प्रदर्शन के बाद बसपा इस बार फिर “सोशल इंजीनियरिंग” की रणनीति पर फोकस कर रही है। पार्टी अनुसूचित जाति के अपने पारंपरिक वोट बैंक को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ अन्य वर्गों को भी जोड़ने की कोशिश कर रही है, ताकि भाजपा और सपा को चुनौती दी जा सके।
बैठक में प्रदेश और जिला स्तर के सभी पदाधिकारियों को बुलाया गया है। इसमें बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, समितियों के गठन और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा 15 अप्रैल को डॉ. बीआर आंबेडकर जयंती के अवसर पर कार्यक्रमों के जरिए पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की रणनीति भी तय की जाएगी।













