31 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच Iran ने एक बड़ा रणनीतिक कदम उठाते हुए Strait of Hormuz से गुजरने वाले जहाजों पर टोल लगाने की योजना को मंजूरी दे दी है। ईरानी संसद की सुरक्षा समिति ने इस प्रस्ताव को हरी झंडी दी है, जिसके तहत इस अहम समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को शुल्क देना होगा और यह भुगतान ईरान की मुद्रा रियाल में किया जाएगा। खास बात यह है कि United States और Israel से जुड़े जहाजों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का प्रावधान भी शामिल है, साथ ही उन देशों के जहाजों को भी रोका जा सकता है जो ईरान के खिलाफ प्रतिबंधों में शामिल हैं।
ईरान का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य जलडमरूमध्य की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और व्यापारिक गतिविधियों को नियंत्रित करना है, जबकि रणनीतिक रूप से यह क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश भी माना जा रहा है। इस योजना के लिए ईरान Oman के साथ मिलकर कानूनी ढांचा तैयार करेगा।
दूसरी ओर, United States ने इस कदम का विरोध करते हुए साफ किया है कि वह इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर अपनी मौजूदगी और नियंत्रण सुनिश्चित करेगा। वहीं, Donald Trump ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जहाजों की आवाजाही बाधित हुई तो अमेरिका सख्त कार्रवाई कर सकता है।
गौरतलब है कि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल आपूर्ति मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ऐसे में ईरान का यह फैसला न केवल क्षेत्रीय राजनीति बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था और तेल बाजार पर भी बड़ा असर डाल सकता है।













