27 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: मोहाली के सेक्टर 79 स्थित हाउसफेड सोसाइटी में मीटिंग के दौरान विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया, जिसमें एक सदस्य पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
सोसाइटी के जनरल सेक्रेटरी दिलप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि 25 मार्च को सोसाइटी कार्यालय में कमेटी की बैठक चल रही थी। इसी दौरान कमेटी सदस्य गुरविंदर सिंह वहां पहुंचा और बातचीत के दौरान अचानक गुस्से में आ गया।
आरोप है कि गुरविंदर सिंह ने पहले गाली-गलौज की और फिर दिलप्रीत सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसने किसी तेज वस्तु से उनके चेहरे पर वार किया और सिर पर मुक्के मारे। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद मौजूद अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। पीड़ित ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को फेज-6 सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने चार चोटें दर्ज की हैं।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी पहले भी सोसाइटी में विवाद कर चुका है और उसके खिलाफ पहले भी शिकायतें दी जा चुकी हैं।
मामले में सोहाना पुलिस थाना ने Bharatiya Nyaya Sanhita की धारा 126(2) और 115(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है।













