27 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollwood Desk: बॉलीवुड के दमदार अभिनेता अक्षय खन्ना आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखने वाले अक्षय ने एक समय फिल्मों से दूरी बना ली थी, लेकिन हाल के वर्षों में उन्होंने जबरदस्त वापसी कर एक बार फिर अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाया है।
साल 2025 में रिलीज हुई फिल्मों धुरंधर और छावा में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा। ‘धुरंधर’ में निभाया गया ‘रहमान डकैत’ का किरदार खासा चर्चित रहा, जिसमें उनके अंदाज और स्क्रीन प्रेजेंस ने नई पीढ़ी को भी प्रभावित किया। वहीं ‘छावा’ में औरंगजेब के रोल में उन्होंने अपनी गंभीर अभिनय शैली से अलग पहचान बनाई।
28 मार्च 1975 को मुंबई में जन्मे अक्षय खन्ना ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘हिमालय पुत्र’ से की, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही। हालांकि, इसके बाद बॉर्डर से उन्हें पहचान मिली। साल 2001 में दिल चाहता है उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई, जिसमें उन्होंने एक संवेदनशील प्रेमी का किरदार निभाया और इसके लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड भी जीता।
इसके बाद ‘हमराज’, ‘हंगामा’ और ‘रेस’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग भूमिकाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। बावजूद इसके, एक समय ऐसा भी आया जब वह फिल्मों से लगभग चार साल तक दूर रहे।
हालांकि, मॉम, इत्तेफाक और दृश्यम 2 जैसी फिल्मों से उन्होंने वापसी की और अपनी दूसरी पारी को मजबूत बनाया।
आज अक्षय खन्ना की यह दूसरी पारी न केवल उनके करियर को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है, बल्कि यह भी साबित करती है कि प्रतिभा और धैर्य के दम पर किसी भी कलाकार के लिए वापसी संभव है।













