खाड़ी में बढ़ा तनाव: ईरान के हमलों में अमेरिकी ठिकानों को भारी नुकसान, कुवैत में 6 सैनिकों की मौत

26 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk:  मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है, जहां ईरान द्वारा खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर किए गए हमलों से भारी तबाही की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन हमलों में कुवैत में तैनात 6 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई है, जबकि कई अहम सैन्य ढांचे क्षतिग्रस्त हुए हैं।

बताया जा रहा है कि कुवैत के शुएबा बंदरगाह पर हुए हमले में अमेरिकी सेना का टैक्टिकल ऑपरेशन सेंटर पूरी तरह नष्ट हो गया। इसके अलावा अली अल सलेम एयर बेस पर भी ड्रोन और मिसाइल हमलों से विमानों के हैंगर को गंभीर नुकसान पहुंचा है। वहीं कैंप बुहरिंग में ईंधन और मेंटेनेंस सुविधाओं को निशाना बनाया गया।

कतर के अल उदेद एयर बेस पर भी बड़ा हमला हुआ, जहां शुरुआती चेतावनी देने वाली रडार प्रणाली पूरी तरह तबाह हो गई। यह बेस अमेरिका के लिए क्षेत्र में सबसे महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों में से एक माना जाता है।

वहीं बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय को निशाना बनाया गया, जिससे समुद्री संचालन पर असर पड़ने की आशंका है।

इसके अलावा सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर भी मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए, जिनमें संचार उपकरणों और रिफ्यूलिंग विमानों को नुकसान पहुंचा है।

लगातार हो रहे इन हमलों से पूरे खाड़ी क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।