Shimla में हाई-प्रोफाइल हमला: Naresh Chauhan के बेटे के अपहरण की कोशिश नाकाम

24 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

 Himachal Desk:   हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान के बेटे और युवा कांग्रेस महासचिव आर्यन चौहान के अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आरोपियों ने फिरौती और लूटपाट की मंशा से आर्यन चौहान को निशाना बनाते हुए अपहरण करने की योजना बनाई थी।

घटना के अनुसार आर्यन चौहान ने शुक्रवार को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि तारापुर रोड पर तीन संदिग्ध लोग एक कार (एचपी 58ए-1965) से उतरे और उन्हें धमकाने लगे। इस दौरान एक व्यक्ति ने लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश की, जबकि दूसरे ने जबरन उन्हें कार में डालकर अपहरण करने का प्रयास किया। हालांकि मौके से आरोपी फरार हो गए, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई कार को मशोबरा इलाके से बरामद किया गया। आरोपियों ने कार से चेसिस नंबर, इंजन नंबर और अन्य पहचान चिन्ह मिटाने की कोशिश की थी और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।

जांच के बाद पुलिस ने सोमवार को दो आरोपियों—चरणजीत सिंह (48) निवासी संजौली और ताशी नेगी (45) निवासी नारकंडा—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के लिए मैकेनिक की मदद से कार की नंबर प्लेट बदली गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के दौरान कई और अहम खुलासे होने की संभावना है।