21 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: Aarya Desai ने Surat Cricket League 2026 में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कभी Kolkata Knight Riders से जुड़े इस युवा बल्लेबाज ने 193 रनों की तूफानी पारी खेलकर किसी भी आधिकारिक टी20 लीग में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
20 मार्च को खेले गए मुकाबले में लुथरा पेगासुस और कैलाश स्पोर्ट्स क्लब की टीमें आमने-सामने थीं। लुथरा पेगासुस की ओर से कप्तान और ओपनर के रूप में उतरे आर्या देसाई ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और विरोधी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
आर्या देसाई ने 81 गेंदों में नाबाद 193 रन बनाए। उनकी इस पारी में 21 चौके और 14 छक्के शामिल रहे और उन्होंने लगभग 238 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उनकी शानदार पारी की बदौलत लुथरा पेगासुस ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 267 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैलाश स्पोर्ट्स क्लब की टीम इस स्कोर के सामने टिक नहीं सकी और 20 ओवर में 9 विकेट पर 174 रन ही बना पाई। इस तरह लुथरा पेगासुस ने मुकाबला 93 रन से जीत लिया और आर्या देसाई मैच के हीरो बने।
दिलचस्प बात यह है कि आर्या देसाई को Indian Premier League 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 लाख रुपये में रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर टीम में शामिल किया था। हालांकि उन्हें उस सीजन में डेब्यू का मौका नहीं मिला और बाद में टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया।
अब सूरत क्रिकेट लीग में खेली गई उनकी रिकॉर्डतोड़ पारी ने यह साबित कर दिया है कि इस युवा बल्लेबाज में बड़ी पारियां खेलने की जबरदस्त क्षमता है।











