एयर इंडिया की बड़ी चूक: दिल्ली-वैंकूवर फ्लाइट 8 घंटे हवा में उड़ने के बाद लौटी, गलत विमान भेजने का मामला

21 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  Air India की दिल्ली से वैंकूवर जाने वाली फ्लाइट में बड़ी लापरवाही सामने आई है। गलत विमान भेजे जाने के कारण उड़ान लगभग आठ घंटे तक हवा में रहने के बाद वापस दिल्ली लौट आई। बताया जा रहा है कि जिस विमान को भेजा गया था, उसे कनाडा में उतरने की अनुमति नहीं थी।

जानकारी के मुताबिक फ्लाइट AI185 20 मार्च को सुबह 11:34 बजे दिल्ली से यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। शुरुआत में विमान अपने तय मार्ग पर आगे बढ़ रहा था, लेकिन लगभग चार घंटे बाद जब यह चीन के कुनमिंग क्षेत्र के पास पहुंचा, तब एयरलाइन को पता चला कि विमान के पास कनाडा में प्रवेश की आवश्यक मंजूरी नहीं है।

इसके बाद विमान को वापस लौटने का निर्देश दिया गया। करीब 7 घंटे 54 मिनट तक हवा में रहने के बाद यह विमान वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। इस दौरान यात्रियों को लंबी और बेनतीजा यात्रा का सामना करना पड़ा।

दरअसल इस उड़ान में Boeing 777-200LR विमान का इस्तेमाल किया गया था, जबकि कनाडा के लिए फिलहाल एयर इंडिया को अपनी सेवाओं में केवल Boeing 777-300ER विमान संचालित करने की अनुमति है।

एयर इंडिया ने इस घटना को ‘ऑपरेशनल समस्या’ बताते हुए कहा कि विमान को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत वापस बुलाया गया था। एयरलाइन के अनुसार सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए दिल्ली में होटल में ठहरने समेत अन्य व्यवस्थाएं की गईं।

विशेषज्ञों के अनुसार इस घटना से एयरलाइन को आर्थिक नुकसान भी हुआ है, क्योंकि बोइंग 777 जैसे विमान आमतौर पर उड़ान के दौरान प्रति घंटे 8 से 9 टन ईंधन खर्च करते हैं।