डोनाल्ड ट्रंप ने चीन से मांगी मदद, होर्मुज जलडमरूमध्य से ईरानी नाकेबंदी हटाने की अपील

16 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk:  मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने चीन से अपील की है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य से ईरान की नाकेबंदी हटाने में मदद करे। ट्रंप का कहना है कि दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति को सुरक्षित रखने के लिए तेल और गैस के जहाजों को इस समुद्री मार्ग से सुरक्षित निकालना जरूरी है।

ट्रंप ने कहा कि चीन अपनी करीब 90% तेल आपूर्ति इसी जलमार्ग के जरिए प्राप्त करता है, इसलिए उसे भी इस मुद्दे में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि इस संबंध में अन्य देशों से भी बातचीत जारी है।

इस बीच ट्रंप ने NATO देशों को भी कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर ईरान के खिलाफ जारी संघर्ष में सहयोग नहीं मिला तो नाटो का भविष्य गंभीर संकट में पड़ सकता है।

वहीं ईरान पहले ही चेतावनी दे चुका है कि उसकी अनुमति के बिना होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाया जा सकता है। इस कारण वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति और कच्चे तेल की कीमतों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

लगातार बढ़ते हमलों के बीच अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच तनाव कम होने के फिलहाल कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं, जिससे मध्य-पूर्व में युद्ध और गहराने की आशंका जताई जा रही है।