फाइन, मीडियम या कोर्स… घर पर ऐसे पहचानें अपने बालों का असली टेक्सचर

10 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Lifestyle Desk:  बालों की सही देखभाल करने के लिए सबसे जरूरी है कि आप अपने हेयर टेक्सचर को समझें। अक्सर लोग वायरल प्रोडक्ट्स या दूसरों के बताए नुस्खों को अपनाते हैं, लेकिन हर व्यक्ति के बालों की बनावट अलग होती है। किसी के बाल पतले (फाइन), किसी के सामान्य (मीडियम) और किसी के मोटे (कोर्स) होते हैं। इसलिए हेल्दी बालों के लिए उसी हिसाब से हेयर केयर रूटीन और प्रोडक्ट चुनना जरूरी होता है। बालों का टेक्सचर काफी हद तक जेनेटिक्स पर निर्भर करता है, यानी यह हमें माता-पिता से मिलता है।

घर पर ही बालों का टेक्सचर पहचानने के कुछ आसान तरीके हैं। सबसे पहले टच टेस्ट किया जा सकता है। एक बाल लेकर उसे अंगूठे और तर्जनी उंगली के बीच हल्का रगड़ें। अगर बाल मुश्किल से महसूस हो तो वह फाइन टेक्सचर है, थोड़ा महसूस हो तो मीडियम और अगर साफ-साफ महसूस हो तो वह कोर्स यानी मोटा टेक्सचर होता है।

दूसरा तरीका धागे से तुलना करने का है। एक धागा लेकर उसके साथ बाल को रोशनी में देखें। अगर बाल धागे से पतला दिखे तो फाइन टेक्सचर, बराबर दिखे तो मीडियम और धागे से मोटा लगे तो कोर्स टेक्सचर माना जाता है।

इसी तरह आप बालों की पोरोसिटी भी जांच सकते हैं, यानी बाल नमी कितनी जल्दी सोखते हैं। इसके लिए एक गिलास पानी में बाल डालें। अगर बाल ऊपर तैरता रहे तो लो पोरोसिटी, धीरे-धीरे नीचे जाए तो मीडियम पोरोसिटी और तुरंत नीचे बैठ जाए तो हाई पोरोसिटी मानी जाती है।

बालों के टेक्सचर के अलावा उनके चार पैटर्न भी होते हैं—स्ट्रेट, वेवी, कर्ली और कॉयली। स्ट्रेट बाल बिल्कुल सीधे और स्मूद होते हैं, वेवी बाल हल्के मुड़े हुए और बाउंसी दिखते हैं, कर्ली बाल घुंघराले होते हैं, जबकि कॉयली बालों में बहुत छोटे-छोटे और टाइट कर्ल होते हैं। अपने बालों की सही बनावट समझकर ही सही हेयर केयर अपनाना बेहतर परिणाम देता है।