06 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Business Desk: वैश्विक तनाव के बीच सोना और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का भाव एक दिन में 1300 रुपये से ज्यादा बढ़कर 1,60,975 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमत में भी बड़ी छलांग लगी और यह 5,631 रुपये बढ़कर 2,67,822 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक अनिश्चितता के कारण निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्प की ओर रुख कर रहे हैं। इसी वजह से सोने की मांग तेजी से बढ़ी है, जिससे कीमतों में उछाल आया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी के दाम बढ़े हैं। वैश्विक कमोडिटी बाजार COMEX में सोना करीब 1.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,137 डॉलर प्रति औंस से ऊपर पहुंच गया। वहीं चांदी भी करीब 2.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 84 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही है।
हालांकि इससे एक दिन पहले सर्राफा बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक गुरुवार को 24 कैरेट सोना करीब 1,962 रुपये गिरकर 1,60,586 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। वहीं चांदी के दाम भी 7,000 रुपये से ज्यादा टूटकर 2,64,212 रुपये प्रति किलोग्राम रह गए थे।
बाजार में तेजी और गिरावट के इस उतार-चढ़ाव से खरीदारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल सोने की कीमतें वैश्विक हालात, खासकर मध्य पूर्व में चल रहे तनाव पर निर्भर रहेंगी। यदि हालात और बिगड़ते हैं तो कीमतों में और तेजी आ सकती है, जबकि तनाव कम होने पर दाम में कुछ गिरावट भी देखने को मिल सकती है।













