05 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Lifestyle Desk: Holi रंगों और खुशियों का त्योहार है, लेकिन कई बार बाजार में मिलने वाले रंगों में मौजूद केमिकल, डाई और मेटल कण त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। लंबे समय तक रंग त्वचा पर रहने से ड्राईनेस, खुजली, जलन और रैशेज जैसी समस्याएं हो सकती हैं। खासतौर पर सेंसिटिव स्किन वाले लोगों में एलर्जी, लाल चकत्ते और सूजन की शिकायत भी बढ़ सकती है।
रंगों के कण त्वचा के पोर्स में फंसकर पिंपल और इन्फेक्शन का कारण बन सकते हैं। इसलिए होली खेलने के बाद त्वचा की सही तरीके से सफाई और देखभाल करना बेहद जरूरी होता है, ताकि स्किन दोबारा स्वस्थ और निखरी हुई दिखे।
ऐसे करें स्किन की सफाई
मैक्स हॉस्पिटल की डर्मेटोलॉजिस्ट Dr. Soumya Sachdeva के अनुसार, होली खेलने के बाद सबसे पहले गुनगुने पानी से चेहरा और शरीर साफ करें। इसके लिए माइल्ड क्लींजर या बेबी शैंपू का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है, जिससे त्वचा की नमी बनी रहती है।
रंग हटाने के लिए त्वचा को जोर से रगड़ने से बचें। नारियल तेल या बादाम तेल से हल्की मसाज करने के बाद नहाने से जिद्दी रंग आसानी से हट सकते हैं। नहाने के बाद मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं, ताकि त्वचा रूखी न हो।
जलन और रैशेज से राहत के उपाय
अगर त्वचा में जलन या खुजली महसूस हो रही हो तो एलोवेरा जेल या गुलाब जल लगाने से आराम मिल सकता है। फेस पैक के तौर पर दही और बेसन का हल्का मिश्रण भी त्वचा को ठंडक देता है और स्किन को साफ करने में मदद करता है।
इन बातों का रखें खास ध्यान
बहुत गर्म पानी से नहाने से बचें, इससे त्वचा ज्यादा रूखी हो सकती है।
हार्श स्क्रब या केमिकल पील का इस्तेमाल न करें।
अगर त्वचा पर ज्यादा जलन, सूजन या फफोले दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
अंदर से भी रखें स्किन का ख्याल
स्किन को हेल्दी रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। साथ ही डाइट में ताजे फल और हरी सब्जियां शामिल करें। अच्छी नींद भी स्किन की मरम्मत और चमक बनाए रखने में मदद करती है।
होली के बाद नियमित रूप से मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन का इस्तेमाल जारी रखने से त्वचा जल्दी रिकवर होती है और फिर से चमकदार नजर आती है।













