रामायण फर्स्ट रिव्यू: भारत से 15,000 किमी दूर हुई पहली स्क्रीनिंग, रणबीर कपूर की फिल्म को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स

25 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk: रणबीर कपूर स्टारर फिल्म रामायण को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है। दिवाली 2026 पर रिलीज होने वाली इस मेगा-बजट फिल्म की पहली टेस्ट स्क्रीनिंग भारत से करीब 15,000 किलोमीटर दूर लॉस एंजिल्स में रखी गई, जहां से फिल्म को बेहद पॉजिटिव फीडबैक मिला है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, लॉस एंजिल्स के Cinemark Playa Vista में चुनिंदा दर्शकों के लिए ‘रामायण’ का फर्स्ट कट दिखाया गया। 18 से 60 वर्ष के दर्शकों ने स्क्रीनिंग के बाद फिल्म की कहानी, भव्य स्केल और दमदार विजुअल इफेक्ट्स की जमकर तारीफ की। खासतौर पर निर्देशक नीतेश तिवारी की कहानी कहने की शैली को सराहा गया।

इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। यश रावण की भूमिका में हैं और सनी देओल हनुमान का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म को नमित मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं, जिनके मुताबिक इसका बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है।

मेकर्स के अनुसार, यह केवल टेस्ट स्क्रीनिंग थी और फिल्म के VFX पर अभी भी बड़े स्तर पर काम जारी है। ‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज किया जाएगा—पहला भाग दिवाली 2026 पर और दूसरा भाग दिवाली 2027 में। शुरुआती रिव्यू ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ा दी हैं।