भारत-पाक तनाव पर ट्रंप का नया बयान: बोले—अगर मैं दखल न देता तो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में पाक PM की मौत हो जाती

25 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk:  भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। ट्रंप ने अब एक नया दावा करते हुए कहा है कि अगर वह बीच में हस्तक्षेप न करते, तो भारत की कार्रवाई के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ की मौत हो सकती थी।

व्हाइट हाउस में 2026 के स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन के दौरान ट्रंप ने कहा कि अपने पहले 10 महीनों में उन्होंने आठ युद्ध खत्म कराए। इसी क्रम में उन्होंने भारत-पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों परमाणु शक्ति संपन्न देशों के बीच हालात बेहद खतरनाक हो गए थे और न्यूक्लियर वॉर की आशंका थी। ट्रंप के मुताबिक, अगर उन्होंने हस्तक्षेप नहीं किया होता तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को जान गंवानी पड़ सकती थी।

ट्रंप के इस बयान ने एक बार फिर विवाद खड़ा कर दिया है। खासतौर पर इसलिए क्योंकि भारत सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम किसी तीसरे देश की मध्यस्थता से नहीं हुआ। भारत का कहना है कि पाकिस्तान की पहल पर दोनों देशों के DGMO के बीच सीधी बातचीत हुई, जिसके बाद सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी।

गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 6-7 मई की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी। भारत ने स्पष्ट किया था कि यह कार्रवाई केवल आतंकियों के खिलाफ थी, आम नागरिकों को निशाना नहीं बनाया गया। इसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव बढ़ा, लेकिन 10 मई की शाम को सीजफायर पर सहमति बन गई।

ट्रंप के लगातार आ रहे बयानों पर भारत की ओर से दोहराया गया है कि भारत-पाक मामलों में किसी भी तरह की बाहरी मध्यस्थता को स्वीकार नहीं किया जाता।