इस्राइल रवाना होने से पहले पीएम मोदी का बयान: भारत–इस्राइल की साझेदारी मजबूत और रणनीतिक

25 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25–26 फरवरी को इस्राइल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। रवाना होने से पहले जारी बयान में उन्होंने कहा कि भारत और इस्राइल के बीच मजबूत, बहुआयामी और रणनीतिक साझेदारी है, जिसने हाल के वर्षों में तेज़ी से विस्तार किया है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि यह यात्रा इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर हो रही है। दोनों नेताओं के बीच होने वाली वार्ता में रक्षा, व्यापार, तकनीक, कृषि और नवाचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और सुदृढ़ करने पर चर्चा होगी।

पीएम मोदी ने कहा कि इस दौरे के दौरान उन्हें इस्राइल की संसद केनेसट को संबोधित करने का सम्मान मिलेगा। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे, जिसे दोनों देशों के मजबूत लोकतांत्रिक संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।

अपने कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री भारतीय प्रवासी समुदाय से भी संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासियों ने वर्षों से भारत–इस्राइल मित्रता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और रणनीतिक साझेदारी के लिए नए लक्ष्य तय करेगी।